• Sun, 10 May, 2026
क्रिस केर्न्स नाजुक हालत में सिडनी के अस्पताल में शिफ्ट, साथी खिलाड़ियों ने मांगी जल्द ठीक होने की दुआ

ताज़ा खबरें

Updated Wed, 11 Aug 2021 16:30 IST

क्रिस केर्न्स नाजुक हालत में सिडनी के अस्पताल में शिफ्ट, साथी खिलाड़ियों ने मांगी जल्द ठीक होने की दुआ

नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस केर्न्स की हालात अब भी नाजुक (Chris Cairns In ICU) है. उन्हें सिडनी के एक अस्पताल में लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 51 साल के क्रेन्स की दिल को खून सप्लाई करने वाली मुख्य धमनी की अंदरूनी परत फट गई थी. इसके बाद उन्हें बीते हफ्ते ही कैनबरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी कई सर्जरी हो चुकी है. लेकिन उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ. इसके बाद केर्न्स को सिडनी शिफ्ट किया गया. केर्न्स अभी भी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं.

इस मुश्किल दौर में सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि साथी खिलाड़ी और क्रिकेट फैंस भी परेशान हैं और इस ऑलराउंडर के जल्द ठीक होने की दुआ मांग रहे हैं. न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड की भी केर्न्स के स्वास्थ्य पर नजर है और बोर्ड भी यही दुआ कर रहा कि दिग्गज ऑलराउंडर जल्द से जल्द ठीक हों.

इस बीच, क्रिस केर्न्स के परिवार ने भी एक संदेश जारी कर क्रिकेट फैंस को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया है और कहा है कि उनके स्वास्थ्य को लेकर अब कोई नई जानकारी नहीं दी जाएगी. परिवार ने लोगों से अपील की है कि वो इस मुश्किल घड़ी में उनकी निजता का सम्मान करें.

 
न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए केर्न्स का योगदान बड़ा: मैक्कलम
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रैंडन मैक्कलम कहा कि क्रिस केर्न्स की बीमारी के बारे में बात करना मुश्किल है और वह समझते हैं कि इस ऑलराउंडर के परिवार को कितना दर्द हो रहा होगा. उन्होंने कहा कि हमने काफी समय से एक-दूसरे को नहीं देखा है. लेकिन जब से उनके अस्वस्थ होने की खबर आई है. हम सभी बस यही सोच रहे हैं कि वो कितने अच्छे क्रिकेटर थे और उन्होंने अपने पूरे करियर में खेल और न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए कितना किया है.

साथी खिलाड़ियों ने भी केर्न्स के ठीक होने की दुआ मांगी
मैक्कलम ने आगे कहा कि क्रिस एक पिता और बेटे हैं. बहन को खोने के साथ ही क्रिस के जीवन में बहुत पहले ही ऐसी त्रासदी हो चुकी है. यह उनके परिवार के लिए कठिन समय है और मैं जानता हूं कि क्रिकेट बिरादरी के साथ ही उनके परिवार के करीबी लोग भी इस दर्द को महसूस कर रहे होंगे. वहीं, न्यूजीलैंड के पूर् क्रिकेटर क्रिस हैरिस भी क्रेर्न्स को लेकर दुखी हैं. उन्होंने कहा कि यह सबसे बुरी खबर है, जो आपको मिल सकती है और यह तकलीफ इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इस मुश्किल घड़ी में भी उनका परिवार उनके साथ नहीं है.

लक्ष्मण ने भी उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की

वीवीसीएस लक्ष्मण और कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांगी है. हर्षा भोगले ने लिखा कि ऐसा शानदार करियर और जिंदगी में इतनी उथल-पुथल. मैं प्रार्थना करता हूं कि वो जल्द ही स्वस्थ हों.

 

केर्न्स को विज्डन ने साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर भी चुना था

इस ऑलराउंडर ने न्यूजीलैंड के लिए 62 टेस्ट और 215 वनडे खेले हैं. गेंद से भी केर्न्स का प्रदर्शन भी शानदार रहा. उन्होंने टेस्ट में 218 और वनडे में 201 विकेट अपने नाम किये थे. टेस्ट में उन्होंने 13 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया और एक बार मैच में 10 विकेट भी झटके थे. उन्हें 2000 में विजडन ने साल के 5 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक चुना है. उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर्स में गिना जाता था. वो 2004 में बतौर ऑलराउंडर 200 विकेट और 3 हजार रन बनाने वाले छठे खिलाड़ी बने थे.

 
 
 
 

Latest news