Sun,
10 May, 2026
राज्य
Updated Sat, 15 May 2021 0:36 IST
रायपुर. कोरोना के कारण रद्द की गई छत्तीसगढ़ 10वीं बोर्ड परीक्षा की रिजल्ट 20 मई 2021 तक घोषित कर दिया जाएगा. विद्यार्थियों की ओर से जमा किए गए असाइनमेंट के आधार पर ही उन्हें नंबर दिए जाएंगे. माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय में 10वीं के नतीजे घोषित करने को लेकर जारों से तैयारियां की जा रही है.
नहीं जारी की जाएगी टॉप टेन मेधावियों की सूची
बता दें कि 15 अप्रैल 2021 से 10वीं की बोर्ड परीक्षा होने वाली थी, जिसे कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण रद्द कर दिया गया था. अब इसके नतीजे जारी किए जाने हैं. ऐसे में रिजल्ट घोषित होने के साथ इस बार टॉप टेन मेधावियों की सूची नहीं जारी की जाएगी. माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव वीके गोयल ने बताया कि रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है और 20 मई तक नतीजे जारी कर दिए जाएंगे.
वर्चुअल माध्यम से घोषित किए जाएंगे नतीजे
मंडल सचिव गोयल ने बताया कि नतीजे वर्चुअल जारी करने की तैयारी चल रही है. हर साल स्कूल शिक्षामंत्री की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर नतीजों का ऐलान किया जाता था. साथ ही इसी दिन टॉप टेन विद्यार्थियों की सूची भी जारी की जाती थी लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के कारण शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम वर्चुअल ही नतीजे जारी करेंगे.
4 लाख से अधिक हुआ है पंजीकरण
बता दें इस साल 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए 4 लाख 61 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था और सभी को असाइनमेंट जमा करने के निर्देश भी दिए गए थे. विद्यार्थियों को पहले एनसीसी, एयरविंग, एनएसएस स्काउट गाइड और खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने पर बोनस अंक भी दिए जाते थे, लेकिन कोरोना के कारण इस साल इन गतिविधियां का आयोजन नहीं हो पाया. ऐसे में इस बार बोनस अंक का लाभ विद्यार्थियों को नहीं मिलेगा.







