• Sun, 10 May, 2026
लॉकडाउन में दुकान खोलने पर मामला दर्ज

राज्य

Updated Fri, 14 May 2021 19:32 IST

लॉकडाउन में दुकान खोलने पर मामला दर्ज

बदायूं (उत्तर प्रदेश):  लॉकडाउन में दिशा-निर्देश का उल्लंघन कर खोली गयी दुकानों को बंद कराने के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) और भारतीय जनता पार्टी बदायूं के जिलाध्यक्ष के दुकानदार भाई के बीच कथित झड़प हो गई। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि बदायूं मेन मार्केट में रेडीमेड गारमेंट की दुकान पर चोरी छुपे सामान बेचने की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी शहर व नगर मजिस्ट्रेट टीम के साथ पहुंचे।

उन्होंने कहा कि दुकान खुलवा कर देखा तो वहां काफी ग्राहक थे जिनको शटर बंद करके सामान बेचा जा रहा था। अधिकारियों ने जब इसका कारण पूछा तो दुकानदार बेवजह उनसे उलझ गया और अभद्रता करने लगा।

उन्होंने बताया कि रेडीमेड गारमेंट का दुकानदार भाजपा के जिलाध्यक्ष अशोक भारती का सगा भाई है ।

चौहान ने कहा कि आरोपी दुकानदार के खिलाफ सदर कोतवाली में लॉकडाउन उल्लंघन की धारा 188 के तहत मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 

Latest news