Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Thu, 5 Aug 2021 13:15 IST
पटना. जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचने पर कल यानी 6 अगस्त को ललन सिंह (National President Lalan Singh) के लिए बड़े सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक, जेडीयू (JDU) की स्वागत समारोह को जबरदस्त बनाने पूरी कोशिश रहेगी, ताकि इसका मैसेज बिहार की सियासत में दिखाई दे. हालांकि सवाल उठ रहा है कि ललन सिंह के सम्मान समारोह के भव्य आयोजन के पीछे आखिर जेडीयू (JDU) का मकसद क्या है.
जेडीयू प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार (MLC Neeraj Kumar) ने कहा कि ललन सिंह राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं और वह पहली बार पटना आ रहे हैं. अगर कार्यकर्ताओं और नेताओ में उत्साह है और वो हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सम्मान समारोह का आयोजन कर रहे हैं, तो इसमें क्या हर्ज है.
उमेश कुशवाहा ने कही ये बात
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पार्टी में मजबूती आएगी. इसके पहले भी वो प्रदेश अध्यक्ष व मंत्री रह चुके हैं और बेहतरीन संगठनकर्ता के तौर पर भी उनकी पहचान है. जाहिर है इसका पूरा फायदा जेडीयू को मिलेगा. वह राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना आ रहे हैं, तो जेडीयू के नेताओं और कार्यकर्ताओ में उत्साह स्वाभाविक है.
इसलिए हो रही है स्वागत की जोरदार तैयारी
पटना में जेडीयू कार्यालय में बड़े समारोह की तैयारी की जा रही है. इसके अलावा पटना की सड़कों पर भी बडे-बड़े बैनर पोस्टर लगाए गए हैं जिसमे ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जेडीयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से धन्यवाद दिया गया है. दरअसल जेडीयू की पूरी कोशिश है कि ललन सिंह के स्वागत समारोह में पार्टी के बड़े नेता और महत्वपूर्ण कार्यकर्ता एक साथ दिखें ताकि ये मैसेज साफ हो जाए की जेडीयू पूरी तरह से एकजुट है. वहीं, इसका मैसेज पूरे बिहार में जेडीयू कार्यकर्ताओं में चला जाए, ताकि विधानसभा चुनाव के वक्त जो कार्यकर्ता शिथिल हो गए थे और पार्टी से कुछ कटे दिख रहे थे, फिर से उनमें उत्साह का संचार हो और एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में अभी से जुट जाएं.
आरजेडी ने साधा निशाना
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी कहते हैं कि जेडीयू पहले ही कई गुटों में बंटी हुई है . जबकि आरसीपी सिंह के मंत्री बनने के बाद ये साफ भी हो गया है कि अब समारोह का आयोजन कर पार्टी अपनी खीज मिटाने की कोशिश कर रही है. यही नहीं, जेडीयू ये मैसेज देने की कोशिश कर रही है, सब ठीक है. हालांकि इसका कोई फायदा नहीं मिलने वाला है. जेडीयू के अंदर काफी खलबली है और बहुत जल्द बड़ी टूट होने वाली है. ललन सिंह पहले अपनी पार्टी बचाने की कोशिश करें.
जाहिर है कि ललन सिंह के स्वागत समारोह के आयोजन पर सियासत जारी है, लेकिन जेडीयू ने अपनी रणनीति के तहत कार्यकर्ताओं और नेताओं को 6 अगस्त को जेडीयू दफ़्तर आने का न्यौता दिया है.







