Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Tue, 27 Jul 2021 11:26 IST
नई दिल्ली. असम और मिजोरम के बीच सीमा को लेकर हुई हिंसा झड़प पर गृह मंत्रालय बारीकी से नजर बनाए हुए है. गृह मंत्रालय ने हालात को सुलझाने को लेकर विशेष टीम गठित की है. सूत्रों ने जानकारी दी है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं. वहीं दोनों राज्यों के शीर्ष अधिकारी हालात की गंभीरता के मद्देनजर लगातार संपर्क में हुए हैं. खुफिया विभाग के कई अधिकारियों ने भी सीमा पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया. खबर है कि सीआरपीएफ की 4 टीमों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है, जबकि 6 टीमों को तैयार रहने के लिए कहा गया है. असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा ने इस हिंसा में जान गंवाने वाले 5 पुलिसकर्मियों को सिलचर जाकर श्रद्धांजलि दी तथा घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात भी की.
बता दें कि असम के कछार जिले में सोमवार को भड़की हिंसा के बाद असम पुलिस के कम से कम 5 जवानों की मौत हो गई है. इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं. राज्य के मुख्यमंत्री शर्मा ने जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने ट्वीट किया, 'मुझे यह जानकारी देते हुए बहुत ही दुख हो रहा है कि असम पुलिस के 6 बहादुर जवानों ने असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की कुर्बानी दे दी है. शोकाकुल परिवारों के साथ सांत्वनाएं हैं.' मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में मृत पुलिसकर्मियों की संख्या छह बताई थी, हालांकि बाद में पांच पुलिसकर्मियों की मौत की पुष्टि की गई.
दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच शुरू छिड़ा 'ट्विटर वॉर'
मिजोरम के सीएम जोरमथंगा ने सोमवार को एक वीडियो पोस्ट किया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस वीडियो में असम-मिजोरम सीमा पर भीड़ पुलिस के साथ झड़प करती हुई नजर आ रही थी. मिजोरम सीएम ने लिखा था, 'श्री अमित शाह जी, कृपया इस मामले को देखें. इसे तत्काल रोके जाने की जरूरत है.' एक अन्य वीडियो पोस्ट कर उन्होंने लिखा, 'कछार के जरिए मिजोरम लौट रहे मासूम लोगों के साथ गुंडों ने हाथापाई की. आप इन हिंसक कृत्यों को सही कैसे ठहराएंगे?'
असम सीएम शर्मा ने ट्वीट किया, 'माननीय जोरमथंगा जी, कोलाबिस सीएम हमें हमारी चौकियों से हटने के लिए कह रहे हैं, नहीं तो तब तक उनके लोग ना सुनेंगे और ना ही हिंसा रोकेंगे. ऐसे हालात में हम कैसे सरकार चला सकते हैं? उम्मीद है कि आप जल्दी हस्तक्षेप करेंगे.' इसपर मिजोरम सीएम ने असम पुलिस पर मिजोरम में घुसपैठ करने का आरोप लगाया.







