• Sun, 10 May, 2026
प्रेमी संग रिश्ते से नाराज चचेरे भाई ने कर दी बहन की हत्या, लड़की के मां-बाप की पहले हो चुकी मौत, दो एंगल से जांच कर रही पुलिस

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 5 Aug 2021 16:00 IST

प्रेमी संग रिश्ते से नाराज चचेरे भाई ने कर दी बहन की हत्या, लड़की के मां-बाप की पहले हो चुकी मौत, दो एंगल से जांच कर रही पुलिस

अंबाला के लालपुर गांव में एक युवक ने अपनी चचेरी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने 26 वर्षीय कोमल के सिर पर तेजधार हथियार से हमला किया था। बताया जा रहा है कि आरोपी मृतका की शादी पक्की करने से नाराज था।

मृतका कोमल के भाई संजीव ने पुलिस को शिकायत दी है जिसमें बताया कि उसकी 26 वर्षीय बहन कोमल का रिश्ता उसके प्रेमी साहिल संग पक्का किया था। इस बात से उसका चचेरा भाई प्रवीण नाराज था और उसी ने कोमल कर की हत्या कर दी।

परिजनों ने बताया कि प्रवीण कोमल और साहिल के रिश्ते को लेकर खुश नहीं था, वह कहता था कि साहिल उनके परिवार के लायक नहीं है। कोमल को चोट लगने की सूचना उसकने जीजा दिनेश को मोबाइल पर दी थी।

संजीव ने पुलिस को बताया कि करीब 2 महीने पहले उन्हें पता चला था कि कोमल का पास के गांव टपरियों के साहिल के साथ अफेयर चल रहा है। दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन कुनबे में से लगने वाला चाचा रामपाल के बेटे प्रवीण को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।

 

कोमल के पिता मान सिंह व मां की करीब 5 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। कोमल की छोटी बहन पिंकी की शादी यमुनानगर के गांव अलीशेर माजरा के दिनेश के साथ हो गई। दूसरी छोटी बहन रिंकी व 20 वर्षीय छोटे भाई संजीव को मामा बृजपाल यमुनानगर के खिजराबाद क्षेत्र के गांव कन्यावाला में ले गए थे। दोनों अभी भी मामा के पास रह रहे हैं। रिंकी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही।

कोमल के चाचा ज्ञान चंद की भी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उनकी शादी नहीं हुई थी। कोमल चाचा की देखभाल के लिए उनके साथ रह रही थी। कोमल के चाचा और पिता के नाम 22 एकड़ जमीन है। 9 एकड़ जमीन ईंट भट्ठों को ठेके पर दे रखी है जबकि 13 एकड़ जमीन पर जीजा दिनेश खेती करता है। पूरा हिसाब किताब 12वीं पास और कम्प्यूटर में डिप्लोमा कर चुकी कोमल रखती थी।

साहिल उम्र में कोमल से करीब पांच साल छोटा है। इसके बावजूद दोनों शादी करना चाहते थे। साहिल इकलौता बेटा है। कोमल ने अपनी जमीन ईंट भट्ठा मालिक मोहन लाल को ठेके पर दे रखी है। जिन्हें वह अंकल कहती थी। मोहन लाल ने कोमल से वादा किया था कि दो महीने में उसका रिश्ता साहिल से करवा देंगे। बेटे की खुशी के लिए साहिल के परिवार के सदस्य शादी के लिए तैयार हो गए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में कोमल की हत्या के पीछे जमीन का लालच जुड़ा होना भी एक वजह दिख रहा है। कोमल की शादी साहिल से हो जाती तो कई लोगों को इसका नुकसान हो सकता था।

 
 

पुलिस ने जीजा दिनेश से भी पूछताछ की है क्योंकि सबसे पहले दिनेश के फोन पर ही सूचना आई थी। गांव से बाहर जहां कोमल का घर है, वहां आसपास कोई घर नहीं। इस वजह से यहां ज्यादा लोगों का आवागमन नहीं होता। सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रवीण की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असल वजह पता चलेगी।

 
 

 

Latest news