• Sun, 10 May, 2026
AMU शिक्षक संघ ने PM मोदी से इजराइल-फलस्तीन मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की

राज्य

Updated Mon, 17 May 2021 22:59 IST

AMU शिक्षक संघ ने PM मोदी से इजराइल-फलस्तीन मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की

अलीगढ़. इजराइल और फलस्तीन के बीच जारी हिंसा के मामले में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (AMUTA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) से हस्तक्षेप की गुजारिश की है. अमूटा के सचिव प्रोफेसर नजमुल हसन ने रविवार को बताया कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने इजराइल और फलस्तीन के बीच जारी हिंसा से संबंधित एक प्रस्ताव पारित किया है. उन्होंने बताया कि अमूटा का यह मानना है कि गाजा में जारी इजराइली हमलों में महिलाओं और बच्चों का मारा जाना इंसानियत पर बदनुमा दाग है.
प्रोफेसर हसन ने कहा कि भारत हमेशा से ही पश्चिम एशिया में रचनात्मक भूमिका निभाता रहा है और इस वक्त भी उससे ऐसी ही भूमिका की अपेक्षा है. इसी तरह, संगठन इंडियन मुस्लिम सुपर प्रोग्रेस एंड रिफॉर्म्स ने भी विश्व शांति के लिए खतरा बन रहे इजरायल और फलस्तीन के बीच जारी संघर्ष का हल निकालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहल करने की अपील की है. संगठन के अध्यक्ष डॉक्टर ए. जे. खान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजराइली नेताओं और अरब देशों के साथ अच्छे संबंध हैं, लिहाजा वह इजराइल और फलस्तीन के बीच जारी संघर्ष का हल निकालने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं.

शांति की ओर अपने कदम बढ़ाएं

बता दें कि फिलिस्तीन और इजरायल के बीच पिछले कई दिनों से जारी जंग पर अब भारत (India) ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. भारत ने हिंसा की निंदा करते हुए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में दोनों पक्षों से यथास्थिति में एकतरफा बदलाव न करने की अपील की है. संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि गाज़ा पट्टी में जिस तरह से रॉकेट से हमले किए गए उन हमलों की भारत कड़ी निंदा करता है. इसके साथ ही दोनों देशों से अपील करता है कि वह तत्‍काल तनाव कम करें और शांति की ओर अपने कदम बढ़ाएं.
 

 

Latest news