• Sun, 10 May, 2026
योग गुरु रामदेव से विवाद के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने IMA से की योग पर स्टडी की अपील

ताज़ा खबरें

Updated Thu, 1 Jul 2021 18:05 IST

योग गुरु रामदेव से विवाद के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने IMA से की योग पर स्टडी की अपील

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने डॉक्टर्स डे के मौके पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (Indian Medical Assosiation) से आग्रह किया कि वो योग के फायदों को लेकर शोध करें. पीएम ने कहा कि जब डॉक्टर योग पर शोध करते हैं तो दुनिया इसे गंभीरता से लेती है. पीएम ने कहा कि क्या आईएमए ऐसी स्टडी को मिशन मोड में आगे बढ़ा सकता है. प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी में लोगों की जान बचाते बचाते खुद की जान गंवाने वाले डॉक्टरों को श्रद्धांजलि भी दी.
डॉक्टर्स डे के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा कि कई आधुनिक मेडिकल साइंस संस्थान इस बात पर स्टडी कर रहे हैं कि कोरोना संक्रमित होने के बाद कैसे योग लोगों को उबरने में मदद कर सकता है. पीएम मोदी ने डॉक्टरों की जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'डॉक्टरों के ज्ञान और अनुभव के चलते कोरोना वायरस से लड़ने में मदद मिल रही है. हेल्थ सेक्टर के बजट को भी सरकार की ओर से दोगुना कर दिया गया है.'

बता दें इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के मुताबिक 1500 से ज़्यादा डॉक्टरों की जान कोरोना की इस महामारी ने ली है. IMA के मुताबिक योग से किसी तरह का मतभेद नहीं है और पीएम की अपील का पूरा सम्मान है.

IMA के पूर्व अध्यक्ष बोले- सभी को प्रमोट करने की जरूरत

प्रधानमंत्री की अपील पर आईएमए के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर विनय अग्रवाल ने कहा कि इसमें कोई मतभेद नहीं है. योग इंस्टीट्यूट बनाए गए हैं. योग को नई साइंस का दर्जा दिया गया है. आयुष मिनिस्ट्री भी है. अग्रवाल ने कहा कि हम लोग उनके साथ हैं. मैं तो कहूंगा सरकार को और फंड आवंटित करना चाहिए और इन सब साइंस को जो इससे संबंधित हैं सभी को प्रमोट करना चाहिए.

कोरोना महामारी की लड़ाई में डॉक्टरों का सबसे बड़ा योगदान रहा है. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन से डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश की है जिससे कि कोरोना की लड़ाई मजबूती से लड़ी जा सके.

पिछले लगभग डेढ़ साल से कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ जंग लड़ रहे चिकित्सकों के योगदानों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कोरोना से लड़ाई में जितनी चुनौतियां आईं, हमारे चिकित्सक और वैज्ञानिकों ने उतने ही समाधान तलाशें और प्रभावी दवाइयां बनाईं.’’ उन्होंने कहा कि यह वायरस नया है और यह नये-नये स्वरूप भी ले रहा है किंतु चिकित्सकों की जानकारी और उनके अनुभव वायरस के खतरों और चुनौतियों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री ने भरोसा व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘हमारा देश कोरोना से जीतेगा और विकास के नए आयाम भी हासिल करेगा.’’ उन्होंने चिकित्सक समुदाय से कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने और टीकाकरण अभियान में और अधिक सक्रियता से भूमिका निभाने की अपील की.

 

 
 

 

Latest news