Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Fri, 26 Nov 2021 19:49 IST
नई दिल्ली. देश भर में नशे की खेप पहुंचाने वाले अमेजन ऑनलाइन का पर्दाफाश हो गया है. इसके कार्यकारी प्रबंधकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मध्यप्रदेश के भिंड जिले के थाना गोहद चौराहा में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने अमेजन बॉक्स और टेप समेत इस बॉक्स में रखा 21 किलो 734 ग्राम गांजा मादक पदार्थ जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में अमेजन ऑनलाइन के कार्यकारी प्रबंधकों की भूमिका के मद्देनजर जांच की जा रही है. ऐसी आशंका है कि इन्होंने देश भर में मादक पदार्थों की सप्लाई का नेटवर्क बना रखा है. पुलिस इस मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर कई शहरों और लोगों तक पहुंच रही है. भिंड जिले के गोहद के इस मामले के तार दूर-दूर तक फैले हुए हैं.
मध्यप्रदेश पुलिस ने विशाखापट्टनम पुलिस और इनफोर्समेंट ब्यूरो से भी संपर्क साधा है. इसआधार पर गांजा डिलेवर करने वाले श्रीनिवास राव उर्फ वासू, अमेजन का पिकअप बॉय जीरू कुमार स्वामी, अमेजन का पिकअप बॉय बीज्जम कृष्णम राजू, अमेजन ऑनलाइन का वैन ड्राइवर चीपूरूपल्ली वेकटेंश राव को 48 किलो गांजा इलेक्ट्रानिक मशीन, अमेजन के सेलोटेप के साथ गिरफ्तार किया गया है. एक आरोपी के फरार होने की सूचना है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अमेजन से पुलिस जानकारी हासिल कर रही है. वहीं आरोपी सूरज पवैया के खाता में 47 लाख रुपए का लेनदेन होना पाया गया है. पुलिस कई तथ्यों को जुटा रही है. इसमें बाबू टेक्स और अन्य 6 कंपनियों का पता चला है. ये अपने खरीदारों को ड्राय लीव्स 2 किग्रा नाम के प्रोडक्ट के जरिए नशे के ऑर्डर लिया करतीं थीं.







