गौरतलब है कि इससे पहले बिहार के बक्सर जिले में गंगा नदी में कम से कम 30 शव बरामद किए गए थे.
Sun,
10 May, 2026
राज्य
Updated Tue, 11 May 2021 12:47 IST
एक तरफ कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़े को लेकर दहशत तो दूसरी तरफ इस महामारी के बीच गंगा-यमुना नदी में कई जगहों पर शव मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है, जिससे लोगों के बीच डर का माहौल है और महामारी फैलने की आशंका है. सोमवार को बक्सर में गंगा नदी में शव तैरते मिले, जिसके बाद अब यूपी-बिहार बॉर्डर के गहमर गांव के पास गंगा नदी में दर्जन में दर्जनों लाशें मिली हैं. इतनी बड़ी संख्या में शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. इससे लोगों को संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा सताने लगा है. ग्रामीणों ने शवों के मिलने की सूचना जिला प्रशासन को देकर गुहार लगाई है कि इन्हें जल्द से जल्द सही ठिकाने लगाया जाए.
जानकारी के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के गहमर थाना क्षेत्र का है, जहां बिहार की तरफ बहने वाली गंगा में दर्जनों शव किनारों पर मिले हैं. जिससे क्षेत्र में बदबू और दूसरे किस्म के संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा मंडराने लगा है. स्थानीय लोगों की माने तो आजकल कोरोना संक्रमण के चलते मौतों का आंकड़ा कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है. लग रहा है कि कोरोना से मौत के बाद इस समय ज्यादातर लोग शव को जल में प्रवाहित कर रहे हैं.
स्थानीय गहमर निवासी का कहना है कि कोरोना काल में ज्यादातर लोग लाशों को जला नहीं रहे हैं, लोग ज्यादातर जल प्रवाह कर दे रहे हैं. लकड़ी की कमी के कारण ऐसा हो रहा है. बता दें कि गंगा में अधजले शव भी जगह-जगह उतराते हुए मिल रहे हैं, इस पर प्रशासन को ध्यान देना चाहिए. इससे महामारी का खतरा फिर पैदा हो रहा है.
इस पूरे मामले में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गंगा में लाशों के मिलने की पुष्टि की है और बताया है कि ये मामला उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने कहा कि शाम एक जांच टीम भी मौके पर भेजी गई है. रिपोर्ट आने के बाद उचित करवाई करेंगे.
गौरतलब है कि इससे पहले बिहार के बक्सर जिले में गंगा नदी में कम से कम 30 शव बरामद किए गए थे.







