Mon,
11 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Fri, 17 Dec 2021 20:21 IST
कैनबरा: क्या आप सोच सकते हैं कि किसी जीव के एक दो नहीं बल्कि हजारों पैर हों? हां ये सच है. वैज्ञानिकों ने एक ऐसे जीव की खोज की है जिसके 1306 पैर हैं. दरअसल वैज्ञानिकों ने ऑस्ट्रेलिया में एक मिलीपेड की खोज की है, जिसके 1306 पैर हैं. ये 95 मिलीमीटर लंबा है. ये अनोखा जीव जमीन से 200 फीट नीचे मिला है. वैज्ञानिकों ने 1306 पैरों वाले इस अनोखे जीव को Eumillipes Persephone नाम दिया है. इससे पहले अमेरिका के कैलीफोर्निया में 750 पैरों वाला मिलीपेड मिला था.
वैज्ञानिकों ने खनन के दौरान 1306 पैरों वाले इस अनोखे जीव को ढूंढ निकाला. वैज्ञानिक इसे जीवों के विकास का चमत्कार मान रहे हैं. वो इस जीव को वैज्ञानिक इतिहास की बड़ी खोज बता रहे हैं. जान लें कि खनन में मिला 1306 पैरों वाला ये जीव नर है. वैज्ञानिकों ने इस जीव को माइक्रोस्कोप से देखा और इसकी तस्वीर भी जारी की.
बता दें कि मिलीपेड शब्द में 'मिली' का मतलब हजार और 'पेड' का अर्थ पैर है. इस जीव को माइक्रोस्कोप से देखने पर पता चला कि ये 95 मिलीमीटर लंबा और 0.95 मिलीमीटर चौड़ा है. इसमें 330 सेगमेंट हैं. इसमें एक तिकोना एंटीना और एक मुंह है.
वैज्ञानिकों का मानना है कि मिलीपेड के 1306 पैर होना कंवर्जेंट इवोल्यूशन का परिणाम है. Eumillipes Persephone की बनावट अपनी पुरानी प्रजाति से काफी अलग है. जीव के इवोल्यूशन पर उसके Habitat का भी काफी प्रभाव पड़ा है.
जान लें कि ऑस्ट्रेलिया के जिस इलाके में 1306 पैरों वाला जीव पाया गया है वो इलाका खनिज संपदा से संपन्न है. यहां लगातार खनन होता रहता है.







