Sun,
10 May, 2026
ताज़ा खबरें
Updated Sat, 17 Jul 2021 23:03 IST
नोएडा. डीटीसी और क्लस्टर बसों के यात्री अब बस टिकट की खरीद में 10 प्रतिशत की छूट पा सकते हैं. इसके लिए उन्हें कॉन्टैक्टलेस टिकटिंग मोबाइल फोन ऐप के जरिए टिकट खरीदना होगा. दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वालों को ध्यान में रख कर यह कदम उठाया गया है. इस बारे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है.
दिल्ली सरकार के कॉन्टैक्टलेस टिकटिंग ऐप का व्यापक परीक्षण विशेष रूप से गठित एक टास्क फोर्स के जरिए किया जा रहा है. दिल्ली में जुलाई 2020 से किए जा रहे इस परीक्षण में जो आंकड़े सामने आए हैं उसके अनुसार अब तक कुल खरीदे गए टिकटों का 6 फीसदी ऐप के माध्यम से खरीदा गया है. ई-टिकटिंग के अलावा इस ऐप से आप बसों के आने का अनुमानित समय और निकटतम उपलब्ध ईवी चार्जिंग स्टेशन के बारे में जानकारी ले सकते हैं. बस के अंदर इस ऐप से क्यूआर कोड स्कैन करके यात्री टिकट के किराया के भुगतान का माध्यम और गंतव्य स्टॉप का चयन करके पास और पिंक टिकट बुक कर सकते हैं. ऐप अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है.
दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर बसों को मिला कर कुल 6750 बसें हैं. इनमें औसतन 49 लाख यात्री रोजाना सफर करते हैं. कोविड महामारी के मद्देनजर टिकट खरीदते समय यात्रियों और बस कर्मचारियों के बीच कम से कम संपर्क हो, यह सुनिश्चित करने के लिए ऐप-आधारित टिकट का सिस्टम जरूरी था. अब सभी बसों में निगरानी और ट्रैकिंग केंद्रीकृत नियंत्रण केंद्र द्वारा किया जा रहा है. ऐसे में ऐप के जरिये टिकट बुकिंग से डाटा मैनेजमेंट और मॉनिटरिंग में आसानी होगी. ई टिकटिंग से टिकटों की छपाई, भंडारण तंत्र आदि पर होने वाले खर्च की भी बचत होगी. परिवहन विभाग को उम्मीद है की ऐप-आधारित टिकटिंग से एक बेहतर यात्री ऑन-बोर्डिंग डेटा भी उपलब्ध होगा. जिसका इस्तेमाल बसों के मार्गों को बेहतर बनाने और यात्रियों के लिए अच्छी सेवाओं के लिए किया जा सकेगा.







